रांची, झारखंड : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी फिरोज अली ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नाला रोड, गली नंबर 8 निवासी युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन तुरंत उसे रिम्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे परिजनों ने फिरोज अली को फंदे से लटकता देखा। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दिसंबर 2024 में फिरोज अली पर स्कूल जा रही एक छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोप लगा था। सीसीटीवी फुटेज में पहचान होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था। बाद में उसे लोअर बाजार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल वह जमानत पर घर पर रह रहा था।