स्वर्णिम भारत एक्सपो 2025 का रांची में भव्य शुभारंभ, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन

Spread the love
स्टॉल का निरीक्षण करते राज्यपाल संतोष गंगवार

रांची, झारखंड : बहुप्रतीक्षित स्वर्णिम भारत एक्सपो 2025 का आज रांची में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया। यह आयोजन परिचित फ़ाउंडेशन द्वारा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है।

डॉ. वर्मा संसदीय कार्यों की व्यस्तता के कारण उद्घाटन सत्र में शामिल नहीं हो सके, लेकिन वे 22 अगस्त को एक्सपो में शामिल होकर प्रतिभागियों व आगंतुकों से संवाद करेंगे।

उद्घाटन समारोह में प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोक्कालिंगम (कुलपति, सरला बिड़ला विश्वविद्यालय), पद्मश्री अशोक भगत, परेश गत्तानी (अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स), प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक (महानिदेशक, सरला बिड़ला विश्वविद्यालय), श्रीमती मनीषा शर्मा (प्राचार्य, सरला बिड़ला पब्लिक स्कूल) और तरुण जैन (अध्यक्ष, परिचित फ़ाउंडेशन) समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत की भावना हमारे वैज्ञानिक संस्थानों, उद्योगों और पारंपरिक क्षेत्रों की उपलब्धियों में झलकती है। ऐसे आयोजनों से नवाचार, धरोहर और उद्यमिता को एक ही मंच पर लाकर नए भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया जा सकता है।”

एक्सपो के पहले दिन CSIR, ISRO, NHPC, NALCO, IRCON, कॉनकॉर, राष्ट्रीय जूट बोर्ड, हैंडलूम व हैंडलिक्राफ्ट विभाग, GSI, ICAR, ICMR, BIS, जल शक्ति मंत्रालय, एपीडा, ASI, UIDAI और परमाणु ऊर्जा विभाग जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं ने अपनी उपलब्धियाँ प्रदर्शित कीं। इसमें अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, अवसंरचना, हस्तशिल्प और हैंडलूम से जुड़े नवाचार प्रमुख आकर्षण रहे।

यह एक्सपो 23 अगस्त तक चलेगा, जिसमें ज्ञानवर्धक सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और उद्योग संवाद शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारत को विकसित भारत 2047 की दिशा में ले जाने वाले नवाचार और उद्यमिता का रोडमैप प्रस्तुत करना है।