बेंगलुरु / कर्नाटक : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कर्नाटक के कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र उर्फ़ पप्पी को अवैध सट्टेबाज़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। विधायक को सिक्किम की राजधानी गैंगटोक से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने कार्रवाई के दौरान करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। इसमें लगभग ₹12 करोड़ नकद, करीब ₹6 करोड़ मूल्य का सोना, लगभग 10 किलो चांदी और चार लग्जरी वाहन शामिल हैं।
विधायक वीरेंद्र, चित्तरदुर्ग से कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं। ईडी का कहना है कि वह अपने सहयोगियों के साथ कैसीनो व्यापार से जुड़े लेन-देन के सिलसिले में गैंगटोक पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विधायक पर सट्टेबाज़ी नेटवर्क के जरिए करोड़ों की हेराफेरी का आरोप है।
गिरफ्तारी के बाद वीरेंद्र को गैंगटोक की एक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें बेंगलुरु की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
साभार : डीएएस दिल्ली