रामगढ़ : चुटूपालू घाटी में सड़क हादसा, ट्रक पलटने से चालक और खलासी की मौत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  चुटूपालू घाटी बुधवार तड़के एक बार फिर सड़क दुर्घटना हुई । चावल और दाल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रांची की ओर से आ रहा ट्रक जैसे ही घाटी में प्रवेश किया, उसकी गति अचानक तेज हो गई। गड़के मोड़ पर पहुंचते ही वाहन संतुलन खो बैठा और जोरदार धमाके के साथ पलट गया। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उस पर लदा पूरा अनाज सड़क पर बिखर गया।

सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सड़क से अनाज हटाने के बाद पुलिस ने वाहन में दबे चालक और खलासी के शवों को बाहर निकाला। दोनों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है।

इस घटना ने एक बार फिर चुटूपालू घाटी की खतरनाक ढलानों और लगातार हो रहे हादसों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।