119 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर (झारखंड) : राज्य में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी रांची के बाद अब जमशेदपुर भी ड्रग्स तस्करों के निशाने पर आ चुका है। परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 119 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अरविंद कुमार शर्मा उर्फ कैडी, हनी स्यांसी, मोहम्मद समीर, मोहम्मद सब्बीर हुसैन और मोहम्मद तौफिक आलम शामिल हैं।

क्या-क्या बरामद हुआ 

पकडे गए लोगों से  119 पुड़िया ब्राउन शुगर, हुंडई कंपनी की सफेद कार, 12 चेकबुक और तीन पासबुक, एक क्रेडिट कार्ड, नौ क्यूआर कोड तथा चार मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि संत रोबर्ट स्कूल के पीछे मैदान में सफेद कार के जरिए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के बाद थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों से लाखों रुपये का लेन-देन हुआ है। परसुडीह थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।