रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में सोमवार, 15 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अपराध गोष्ठी की प्रमुख बातें
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु/रामगढ़, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी समेत पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने निम्नलिखित निर्देश दिए–
दुर्गापूजा के दौरान सघन गश्ती और निगरानी। लंबित एवं अतिसंवेदनशील मामलों (हत्या, पोक्सो, साइबर धोखाधड़ी, लूट, डकैती आदि) की त्वरित जांच।जेल से बाहर आए अभियुक्तों का सत्यापन और निगरानी। रोजाना मॉर्निंग मीटिंग कर टास्किंग एवं लंबित मामलों का अद्यतन। नेटग्रिड, नफीस और इ-साक्ष्य जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रयोग। जुआ, अवैध शराब और गांजा के खिलाफ विशेष अभियान। दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाने पर जोर।वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था मानक के अनुसार सुनिश्चित करना। सड़क सुरक्षा एवं आईआरएडी पोर्टल में सड़क दुर्घटना से संबंधित डेटा की एंट्री। थाना आने वाले आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान।
आम जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने दुर्गापूजा पर्व को लेकर नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है कि :-
लंबे समय के लिए घर खाली छोड़ने पर संबंधित थाना को सूचित करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक/भड़काऊ संदेश, फोटो या वीडियो साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार के उत्तेजक गीत, नारे या भाषण का प्रयोग न करें। असामाजिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (मो. नं. 9262998529), मीडिया सेल (मो. नं. 9162388444) या 112 पर दें।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु/रामगढ़, थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, पुलिस निरीक्षक एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।