रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़-बोकारो मार्ग स्थित छोटकीपोना चौक पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चितरपुर से रामगढ़ की ओर जा रही एक ग्लैंजा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और चौक पर खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। सबसे पहले सड़क किनारे मोटरसाइकिल पर खड़े अक्षय कुमार और नंदन कुमार को जोरदार धक्का मारा गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद कार ने ट्यूशन पढ़ाने जा रहे सतवन कुमार, उसके साथ मौजूद अभिषेक कुमार और उनकी नानी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा यहीं नहीं थमा, कार आगे बढ़ते हुए एक ठेला से टकराई और फिर सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ भी उखड़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार दो लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल, रामगढ़ ले जाया गया। कई की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। इधर, लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।