रामगढ़, झारखंड :रमा एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम मंदिर, नेहरू रोड रामगढ़ में श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। धार्मिक वातावरण में भक्तों ने भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम की शुरुआत यजमान द्वारा सपरिवार गणेश पूजन एवं ज्योति प्रज्वलन से की गई। इसके पश्चात् श्री श्याम मंदिर के अध्यक्ष श्री सांवरमल अग्रवाल, श्री राजेश पथरवा, अनिल छाबड़ा एवं पंडित श्री पंकज पांडे ने ‘श्री श्याम 84’ नामक पुस्तक का अनावरण किया। इस पुस्तक को बागड़िया परिवार ने सभी श्याम भक्तों को समर्पित किया।
कमल बागड़िया ने बताया कि जो भी भक्त प्रतिदिन सुबह श्री श्याम 84 का पाठ करते हैं, उन पर बाबा श्याम की असीम कृपा बनी रहती है। हर एकादशी के कीर्तन की शुरुआत इसी पाठ से की जाती है, जिसमें बाबा श्याम प्रभु की दिव्य लीला का वर्णन होता है। उपस्थित सभी भक्तों को पुस्तक की प्रति भेंट की गई।
इसके बाद रात्रि 11 बजे तक भजनों का कार्यक्रम जारी रहा, जिसमें कमल बागड़िया, ध्रुव सिंह, सवार अग्रवाल, मनोज शर्मा एवं अन्य भक्तों ने भक्ति रस में सभी को सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का समापन बाबा के भोग आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।