रामगढ़, झारखंड :धनतेरस के दिन रामगढ शहर के बाजारों में खरीदारी को लेकर भारी भीड़ उमड़ी। मेन रोड से लेकर चर्च के आगे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सुभाष चौक तक लोगों को पैदल चलना पड़ा। इसी दौरान मेन रोड के दोनों ओर खड़े कई वाहनों के टायरों की हवा सेना के जवानों ने निकाल दी, जिससे वाहन मालिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन हेडक्वार्टर के गेट के समीप खड़े वाहनों के दो-दो चक्कों की हवा निकाली गई और वॉल्व पिन तक निकाल लिए गए। बताया गया कि दोपहर में भी जवानों ने कई वाहनों के टायरों की हवा निकाली थी, जिससे दर्जनों वाहन चालक प्रभावित हुए।
वाहन मालिकों का कहना है कि उन्होंने वाहन फुटपाथ पर खड़े किए थे, जो सड़क निर्माण विभाग की जमीन है। कुछ महीने पहले स्टेशन हेडक्वार्टर के पास फुटपाथ को सेना द्वारा कंटीले तार से घेर दिया गया था, और वहां वाहन खड़े करने पर जवान अक्सर लोगों को डांट-डपट कर हटा देते हैं।
सड़क निर्माण विभाग ने इस मामले में सेना को पत्र भी भेजा था, लेकिन अब तक घेरा नहीं हटाया गया है। भुक्तभोगियों ने बताया कि दीपावली के बाद वे इस पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त से करेंगे।