Ranchi News: राजधानी रांची के सदर अस्पताल में जल्द ही बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो सकती है. इस संबंध में देश के बड़े डॉक्टरों से बात की जा रही है. यह खबर रक्त रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए राहत भरी है. इससे ब्लड कैंसर और अन्य रक्त संबंधी बीमारियों के मरीजों को लाभ मिलेगा.
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है. शहर के सदर अस्पताल में जल्द ही बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो सकती है. यह खबर उन मरीजों के लिए राहतपूर्ण है,जो रक्त संबंधी बीमारियों जैसे- सिकल सेल एनीमिया, विभिन्न तरह के बल्ड कैंसर और थैलेसीमिया से ग्रसित हैं. बोन मैरो ट्रांसप्लांट (Bone marrow transplant) इन गंभीर रोगों के इलाज में काफी कारगर भूमिका निभाता है. हालांकि, अब तक झारखंड और आसपास के राज्य के सरकारी अस्पतालों में इसकी सुविधा नहीं उपलब्ध है. इस वजह से जब भी ब्लड कैंसर और रक्त संबंधी अन्य बीमारियों में इलाज के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट की आवश्यकता होती है. तो लोगों को इलाज के लिए वेल्लोर, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहर जाना पड़ता है. इससे उन्हें काफी परेशानी होती है. साथ ही पैसे भी ज्यादा खर्च होते हैं.
नर्सों को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग
बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल में “बोन मैरो ट्रांसप्लांट” की सुविधा उपलब्ध कराने की प्लानिंग की जा रही है. इस संबंध में देश के कुछ बड़े डॉक्टर्स से बात की जा रही है, जो लगभग तैयार भी हैं. ये डॉक्टर्स जरूरत होने पर मरीजों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट करने रांची आएंगे, फिर मरीज की आगे की देखभाल स्थानीय डॉक्टर करेंगे. हालांकि, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए ऑपरेशन थियटर की तरह ही वार्ड बनाया जाएगा. साथ ही इसके लिए नर्सों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी.