लगातार बारिश से रामगढ़ बेहाल: जलस्तर बढ़ा, विद्युत आपूर्ति ठप, स्कूल बंद

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिले में मंगलवार की रात से जारी लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रशासन की ओर से जारी चेतावनी के बीच बुधवार सुबह 10 बजे तक 34 मिमी और उसके बाद गुरुवार सुबह तक 110 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है, जिससे आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है।

बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप

लगातार हो रही बारिश से दामोदर नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, और नदी पार करते हुए हाई वोल्टेज विद्युत तार अब पानी से छूने लगे हैं। सुरक्षा कारणों से रामगढ़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।

स्कूल-कॉलेज बंद, ऑफिसों में सन्नाटा

सरकार ने आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों को बंद करने का निर्देश दिया है। हालांकि बारिश की तीव्रता को देखते हुए अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि केवल छोटे बच्चों को ही क्यों राहत मिली है? बैंक, सरकारी कार्यालय और बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा, वहीं सार्वजनिक परिवहन भी लगभग ठप रहा।

रजरप्पा मंदिर में भी सन्नाटा

भारी वर्षा का असर धार्मिक गतिविधियों पर भी पड़ा। रजरप्पा मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं की संख्या नगण्य रही, वहीं दामोदर और भैरवी नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के चलते निचले क्षेत्र के दुकानदारों ने दुकानें तक नहीं खोली। मुंडन शाला, शमशान घाट, मंदिर की सीढ़ी, वीआईपी गेट पानी में डूब चुका है। दामोदर नदी का जल स्तर इतना ऊंचा हो चुका है कि भैरवी नदी के पानी का बहाव रुक गया है। रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में लगभाग 1500 दुकान व दुकानदार भारी बारिश से प्रभावित हुये है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सतर्कता बरतें, क्योंकि अगले 24 घंटे तक मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है।