रामगढ़, झारखंड: बरकाकाना क्षेत्र के चर्चित सऊद अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की तह तक पहुँचने के लिए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी, जिसके नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना का प्रारंभिक विवरण:
दिनांक 06 जुलाई 2025 को मोहर्रम के जुलूस के दौरान 24 वर्षीय सऊद अंसारी लापता हो गया था। दो दिन बाद, 08 जुलाई को उसके पिता मो. सायूब अंसारी ने बरकाकाना ओपी में बेटे की गुमशुदगी की सूचना दी। जाँच के क्रम में 11 जुलाई को ग्राम पीरी स्थित अमान अंसारी के बंद पड़े चिमनी ईंट भट्ठे के डग से सऊद का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने तत्पश्चात पतरातू थाना कांड संख्या 177/25 दिनांक 11.07.2025 को धारा 103(1)/238/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
जांच और गिरफ्तारियां:
पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और मानव स्रोत के आधार पर जांच तेज की। 13 जुलाई को आरोपी आफताब अंसारी को ग्राम पीरी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आफताब ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी एबाद उर्फ आबाद और असफाक अंसारी के साथ मिलकर यह वारदात अंजाम दी।
हत्या का कारण मृतक सऊद और आरोपियों के बीच टर्बो वाहन के कटवाने को लेकर विवाद था। नशा करने के बाद आपसी झगड़े में आरोपियों ने चाकू से गला और पेट पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को ईंट भट्ठे के डग में छिपा दिया।
मुख्य गिरफ्तार आरोपी:
आफताब अंसारी, ग्राम पीरी (पूर्व में गिरफ्तार)
एबाद उर्फ आबाद, ग्राम डुडगी — 16 जुलाई को ओरमांझी से गिरफ्तार
असफाक अंसारी, ग्राम इरबा, थाना ओरमांझी, राँची — 16 जुलाई को ग्राम पीरी स्थित ससुराल से गिरफ्तार
तीनों आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है।
बरामद साक्ष्य:
हत्या में प्रयुक्त चाकू (मसमोहना नदी से बरामद)
मृतक सऊद का जूता
तीनों अभियुक्तों के घटना के दिन पहने हुए कपड़े
मृतक के कपड़े
अपराधिक इतिहास:
एबाद उर्फ आबाद पर पूर्व में पतरातू थाना कांड संख्या 94/23 (धारा 341/323/307) के तहत मामला दर्ज है।