कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उपायुक्त पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप, डीसी ने आरोपों को किया खारिज

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: कांग्रेस के रामगढ़ जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान ने उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। शुक्रवार को एक प्रेस बयान जारी कर उन्होंने कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर उपायुक्त से मुलाकात के लिए उनके कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद न उन्हें समय दिया गया और न ही उपायुक्त ने उनका फोन उठाया।

श्री पासवान ने बताया कि जब अंततः उनकी उपायुक्त से मुलाकात हुई और उन्होंने खुद को रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष बताते हुए देर से मिलने की बात कही, तो उपायुक्त ने कथित तौर पर कहा, “इंतजार किया तो क्या हुआ? फोन लगाया तो क्या हो गया? मैं बिजी था।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपायुक्त ने उनके पद और पहचान को महत्व नहीं दिया और असम्मानजनक लहजे में बात की।

मुन्ना पासवान ने कहा कि वह इस व्यवहार से व्यथित हैं और इस मुद्दे की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि वह इस प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री झारखंड सरकार से करेंगे और जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

उपायुक्त ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी ओर उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि शुक्रवार को उनके कार्यालय में ट्रांसजेंडरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी, जो निर्धारित समय से अधिक चली। इसके कारण वह कक्ष में देर से पहुंचे। उन्होंने कहा कि नियमानुसार सभी लोगों से मुलाकात की गई और कांग्रेस जिलाध्यक्ष से भी सामान्य रूप से बातचीत हुई। उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया।