रायपुर, छत्तिसगढ़ : पांच-दिवसीय नेशनल सीनियर किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 16 से 20 जुलाई तक किया गया । जिसमें देशभर के 29 राज्यों, 4 केंद्र शासित प्रदेशों सहित असम राइफल्स और अरुणाचल प्रदेश पुलिस बल जैसे प्रतिष्ठित बलों से कुल 1320 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
झारखंड टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक अर्जित किया।
प्रवीण कुमार (रामगढ़ जिला) ने 86 किलोग्राम K-1 इवेंट में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सेमीफाइनल में उन्होंने हरियाणा के खिलाड़ी को पहले ही राउंड में नॉकआउट कर फ़ाइनल में प्रवेश किया। फ़ाइनल में तेलंगाना के खिलाड़ी के खिलाफ भी उन्होंने वही आक्रामक रणनीति अपनाई और पहले राउंड में ही तकनीकी नॉकआउट (TKO) से विजयी होकर लगातार दूसरा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके सटीक लेग-किक्स और दमदार राउंडहाउस किक्स दर्शकों की तालियों के बीच प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़े।
पियूष कांत (81 किग्रा, फुल-कॉन्टैक्ट) ने रजत पदक प्राप्त किया। सेमीफाइनल में उन्होंने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी को मात दी, पर फाइनल में तेलंगाना से हुए कड़े मुकाबले में वे मामूली अंतर से पीछे रह गए।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है। अध्यक्ष बी.सी. ठाकुर जी ने इस उपलब्धि को झारखंड के लिए गौरव की बात बताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।