Spread the love

रामगढ़ के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांप काटने की आशंका

रामगढ़, झारखंड: शहर के बाजार समिति प्रांगण स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के एक छात्र की सोमवार सुबह अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सांप काटने को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मृत छात्र की पहचान विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9वीं के छात्र अमोल कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि अमोल रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 8 बजे स्कूल पहुंचा। जब वह तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कक्षा कक्ष की ओर जा रहा था, तभी करीब 8:25 बजे अचानक वह फर्श पर गिर पड़ा।

तत्काल अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद विद्यालय प्रबंधन ने छात्र को पास के प्राइम अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिन्होंने अमोल को होप अस्पताल ले जाया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।

पहले से थी तबीयत खराब होने की बात

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, अमोल ने स्कूल आने से पहले अपनी बहन से यह बताया था कि उसके पैर में कुछ काटा है और वह ठीक महसूस नहीं कर रहा है। साथ ही यह भी बताया गया कि छात्र सुबह जिम गया था और बिना नाश्ता किए स्कूल आ गया था।

पुलिस कर रही जांच, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए

विद्यालय प्रबंधन ने घटना की सूचना रामगढ़ थाना को दी। पुलिस ने अमोल के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है, लेकिन सांप के काटने की आशंका जताई जा रही है।

विद्यालय में शोक, छुट्टी की घोषणा

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने जानकारी दी कि छात्र की अचानक मृत्यु से पूरा विद्यालय समुदाय स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि अमोल के बेहोश होकर गिरते ही शिक्षकों और छात्रों ने त्वरित पहल करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद विद्यालय में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौत के कारणों  की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल छात्र की असामयिक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।