समाचार चैनलों पर गलत तस्वीर प्रसारित करने का आरोप, रामगढ़ थाना में दी गई लिखित शिकायत

Spread the love

पियुष कुमार उर्फ पियुष राम जिसकी गलत तस्वीर दिखायी गयी

रामगढ़, झारखंड : विभिन्न समाचार माध्यमों में अक्सर गलत तस्वीरों के उपयोग को लेकर विवाद सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक गंभीर मामला रामगढ़ जिले में प्रकाश में आया है, जहां एक व्यक्ति ने समाचार चैनलों द्वारा उसके पुत्र की तस्वीर को गलत तरीके से प्रसारित करने के खिलाफ रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

यह मामला हाल ही में रामगढ़ में घटित चर्चित आफताब अंसारी कांड से जुड़ा है। रामगढ़ कैंट क्वार्टर निवासी पिंटू राम ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ समाचार चैनलों ने आफताब अंसारी के स्थान पर उनके पुत्र पियुष कुमार उर्फ पियुष राम की तस्वीर को बार-बार प्रसारित किया है, जिससे उनके बेटे की सामाजिक छवि को क्षति पहुंची है और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।

पिंटू राम ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें नहीं पता कि उनके पुत्र की तस्वीर समाचार चैनलों तक कैसे पहुंची, लेकिन इसका दुरुपयोग कर गलत संदर्भ में प्रसारित किया गया है। उन्होंने थाना प्रभारी से मांग की है कि इस मामले की जांच कर दोषी चैनलों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान भाजपा नेता रंजन फौजी समेत कई स्थानीय लोग भी पिंटू राम के साथ रामगढ़ थाना पहुंचे और उनका समर्थन किया।