हजारीबाग, झारखंड :हजारीबाग पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड उदय कुमार कुशवाहा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह “डंकी रूट” के जरिए युवाओं को अवैध रूप से अमेरिका भेजने का काम करता था। हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने शनिवार 02 अगस्त 2025 को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह पानी के जहाज और अंतरराष्ट्रीय रूट के माध्यम से मानव तस्करी करता था।
डंकी रूट से अमेरिका भेजने का खेल
टाटीझरिया के भराजो गांव निवासी सोनू कुमार की शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी और खुलासा हुआ कि उदय कुमार ने उसे और दो अन्य युवकों को अमेरिका में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ब्राजील भेजा। वहां से उन्हें डंकी रूट के जरिए कई देशों से होते हुए अमेरिका पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन अमेरिकी सीमा पर पकड़े जाने के बाद सभी को डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया।
पीड़ितों से 45 लाख की वसूली
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों को करीब 50 दिन तक माफिया के कब्जे में रखा गया। इस दौरान उनके परिवार से करीब 45 लाख रुपये वसूले गए। अमेरिका से कॉल कर पीड़ित के पिता को धमकाया गया और पैसे मंगाए गए। पिता ने जमीन बेच कर पैसे दिये। वापस लौटने पर जब पीड़ित ने पैसे की मांग की, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला टाटीझरिया थाना में दर्ज हुआ।
गिरफ्तारी और खुलासे
पकड़े गए आरोपियों में उदय कुमार कुशवाहा, दर्शन प्रसाद, लालमोहन प्रसाद, चोहान प्रसाद और शंकर प्रसाद शामिल हैं। पूछताछ में उदय कुमार ने स्वीकार किया कि वह 2013 से अब तक दर्जनों लोगों को अमेरिका भेज चुका है, जिनमें दिगंबर कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, नंदू कुमार, पप्पू कुमार, चंदन कुमार, शंभू दयाल, पृथ्वी राज कुशवाहा, संजय वर्मा, सुमन सौरभ, प्रवीण कुमार, अरुण कुमार कुशवाहा और धीरज कुमार जैसे नाम शामिल हैं।