रांची (झारखंड): झारखंड के प्रख्यात पत्रकार एवं दैनिक आजाद सिपाही के संपादक हरिनारायण सिंह का रविवार को रांची में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पत्रकारिता जगत में ‘हरि भाई’ के नाम से प्रसिद्ध हरिनारायण सिंह ने झारखंड में अपनी पत्रकारिता की शुरुआत प्रभात खबर के संपादक के रूप में की थी।
प्रभात खबर को राज्य के प्रमुख समाचार पत्रों में स्थापित करने में उनके प्रबंधन कौशल और मेहनत की अहम भूमिका रही। इसके बाद उन्होंने हिंदुस्तान से जुड़कर लंबे समय तक रांची संस्करण के संपादक पद पर कार्य किया। बाद में दैनिक खबर मंत्र में भी उन्होंने संपादक के रूप में सेवाएं दीं।
अपनी स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए उन्होंने दैनिक आजाद सिपाही की शुरुआत की, जिसके वे वर्तमान में संपादक थे।
रविवार को शाम चार बजे रांची में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से झारखंड की पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्यभर के पत्रकारों, राजनीतिज्ञों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी कमी को भर पाना असंभव है।