चितरपुर (रामगढ़) :एकता योगा ग्रुप की महिला सदस्यों ने चितरपुर में रविवार को सावन महोत्सव के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजनकिया । महिलाओं ने सावन महोत्सव में उल्लास और उत्साह से भरपूर वातावरण बना दिया । कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई । महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में महोत्सव में भाग लिया । मंच पर प्रस्तुत किये गये सावन के लोकगीतों और सामूहिक नृत्य ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया । कार्यक्रम में महिलाओं की युगल जोड़ियों ने विशेष रूप से भाग लिया और कई मनोरंजक खेलों के माध्यम से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया ।
विभिन्न प्रकार के मजेदार प्रतियोगिता एक्टिंग राउंड ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया । कुछ जोड़ियों ने मिलकर अभिनय और हास्य प्रस्तुतियों से लोगों को हंसी से लोटपोट कर दिया । इस आयोजन का उद्देश्य न केवल मनोरंजन था । बल्कि महिलाओं के बीच आपसी एकता, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजना भी था ।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा । एकता योगा ग्रुप की मुख्य संयोजिका एकता दांगी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को सामाजिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं । सावन के इस पावन महीने में आयोजित यह महोत्सव सभी के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
इस अवसर पर सुरभि कुमारी, संगीता देवी, लक्ष्मी देवी, रीना देवी, अनीता देवी, संध्या देवी, प्रियंका कुमारी, प्रीति देवी, शारदा देवी, दीपशिखा, ज्ञानी देवी सहित कई मौजूद थे ।