चांडिल, झारखंड :सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास शनिवार तड़के करीब 3:10 बजे दो मालगाड़ियों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रेनों के 15 से 20 डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई डिब्बे पटरी से उतरकर किनारे जा गिरे।
सूचना मिलते ही आद्रा रेल मंडल के डीआरएम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक मालगाड़ी आयरन लादकर आद्रा की ओर जा रही थी, जबकि विपरीत दिशा से खाली मालगाड़ी चांडिल की ओर आ रही थी। इसी दौरान आद्रा की ओर जा रही ट्रेन का बीच का एक डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे सामने से आ रही दूसरी मालगाड़ी उसकी चपेट में आ गई।
चांडिल स्टेशन से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे के बाद पितकी-उगड़ीह के बीच तीनों रेल लाइन बाधित हो गई हैं। परिणामस्वरूप चांडिल-आद्रा और चांडिल-मुरी सेक्शन की कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। हादसे के कारणों को लेकर रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।