“राज्यसभा में गूंजा गोड्डा एनकाउंटर मामला, भाजपा सांसद ने बताया ‘खनन माफिया के इशारे पर हत्या’”

Spread the love

रांची, झारखण्ड :  गोड्डा जिले के सूर्यनारायण हांसदा उर्फ सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को मंगलवार को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने उठाया।

सांसद आदित्य साहू ने उच्च सदन में कहा कि यह एनकाउंटर खनन माफियाओं के इशारे पर कराया गया है और इसे “सीधे-सीधे हत्या” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार आदिवासी हितैषी होने का दिखावा करती है, लेकिन वास्तव में आदिवासी युवाओं की हत्या करवा रही है।

भाजपा सांसद ने कहा कि सूर्या हांसदा एक युवा आदिवासी नेता था, जो क्षेत्र में खनन माफियाओं के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहा था। इसीलिए उसे निशाना बनाया गया। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की।

उल्लेखनीय है कि गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले पुलिस और सूर्या हांसदा की टीम के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और विपक्षी दलों का आरोप है कि यह एनकाउंटर फर्जी था और साजिश के तहत अंजाम दिया गया।