सड़क हादसे में नवजात और मौसी की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-पटना हाईवे किया जाम

Spread the love

हजारीबाग (झारखंड) : रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में 12 घंटे के नवजात शिशु और उसकी मौसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार पिता अपनी पत्नी की बहन और नवजात शिशु को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक घटना हो गई।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शवों को सड़क पर रखकर रांची-पटना नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना पर इचाक प्रखंड के सीईओ रामजी प्रसाद गुप्ता और थाना प्रभारी राजदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
वहीं स्थानीय मुखिया नंदू कुमार ने जिला प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।