विधानसभा में आवाज़ : पारसनाथ की चोटी पर दिशोम गुरु की प्रतिमा की मांग

Spread the love

  प्रदीप यादव ने भारत रत्न देने की अपील

रांची, झारखंड :  झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन का माहौल भावुक रहा। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा स्पीकर रविन्द्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत सभी विधायकों ने गुरुजी के योगदान को याद किया।

इस दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो ने विशेष प्रस्ताव रखा कि पारसनाथ पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के अन्य वीर सपूत — बिनोद बिहारी महतो, शिवा महतो और निर्मल महतो — की भी प्रतिमाएँ वहां लगाई जाएँ, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ राज्य के संघर्ष और बलिदान को जान सकें।

वहीं, पौड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने सदन में भावुक अपील की कि शिबू सोरेन को उनके जीवनभर के संघर्ष और योगदान को देखते हुए ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने विधानसभा से आग्रह किया कि इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अनुरोध किया कि शिबू सोरेन की जीवनी और संघर्ष गाथा को झारखंड के स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि राज्य के बच्चे अपने इतिहास और संघर्ष से जुड़ सकें और दिशोम गुरु के विचारों से प्रेरणा ले सकें।