रामगढ़ : सड़क हादसे में महिला की मौत, 10 वर्षीय बच्चा घायल

Spread the love

रामगढ, झारखंड :  रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना नेशनल हाईवे-33 पर मंगलवार 26 अगस्त २०२५ की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सैनी रेस्टोरेंट के निकट स्कूटी और ट्रेलर की टक्कर में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी (नंबर JH 24 N 5216) पर एक महिला अपने बच्चे के साथ रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 6:30 बजे एक तेज़ रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पाकर रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए तथा घायल बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने मृतका की पहचान भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के मुंडा धौड़ा, एके कोलियरी निवासी रीता कुमारी (उम्र लगभग 27 वर्ष), पिता रमेश भुईयां के रूप में की है। फिलहाल पुलिस ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।