रामगढ़, झारखंड : झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ द्वारा आयोजित ‘खेलो झारखंड 2025-26’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय गांधी मेमोरियल में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम शर्मा, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी रीना कुजूर और रामगढ़ जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सीडी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उत्साह को बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
राजीव जायसवाल ने कहा कि ‘खेलो झारखंड’ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे बेहतर प्रदर्शन कर अधिक से अधिक मेडल जीतें और जिले का नाम रोशन करें।
जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम शर्मा ने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं।
इस मौके पर एडीपीओ नलिनी रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुलोचना कुमारी, छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।