रांची/दिल्ली : झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री हफीजुल हसन की तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।
बीते गुरुवार को अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें राजधानी रांची के धुर्वा स्थित पारस एचईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर शुक्रवार को उन्हें एम्बुलेंस द्वारा रांची एयरपोर्ट लाया गया, जहां से एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली भेजा गया।
मालूम हो कि मंत्री हसन का हृदय ऑपरेशन पूर्व में मेदांता अस्पताल में ही हुआ था। इस कारण विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें वहीं शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मंत्री हसन की स्थिति पहले से बेहतर है और वह वार्ड से पैदल चलकर एम्बुलेंस में सवार हुए। सरकारी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद उनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।