रांची, झारखंड : राजधानी रांची के कांके रोड में शुक्रवार अहले सुबह हुए सड़क हादसे में मां-बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बच्चे को स्कूटी (जेएच 01 एफयू 6053) से स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान जोड़ा पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप के करीब कंस्ट्रक्शन से जुड़ा एक बड़ा वाहन अनियंत्रित होकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और कांके रोड को जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों के शव सड़क पर ही पड़े थे और लोग प्रशासन के खिलाफ विरोध कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की लापरवाही और सुरक्षा के अभाव के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मृतक परिवार को मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।