रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के वार्ड संख्या-8 स्थित होलिका मैदान में बड़े पैमाने पर खतरनाक कूड़ा और अपशिष्ट पदार्थ जमा हो गया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है।
वार्ड संख्या-8 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं जिला अल्पसंख्यक कमेटी, रामगढ़ के सचिव अनमोल सिंह आनंद (अधिवक्ता) ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ), कैंटोनमेंट बोर्ड, रामगढ़ को एक लिखित आवेदन सौंपा है।
स्वास्थ्य और पर्यावरण पर खतरा
अनमोल सिंह आनंद ने आवेदन में लिखा है कि होलिका मैदान, जो कि शहर के बीचोंबीच स्थित है, लंबे समय से कूड़े और अपशिष्ट पदार्थ का डंपिंग स्थल बन गया है। इससे न केवल दुर्गंध फैल रही है बल्कि विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
सफाई कार्य बंद होने पर जताई नाराज़गी
उन्होंने कहा कि पहले कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा इस स्थान की नियमित सफाई की जाती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से सफाई कार्य बंद हो चुका है। अब हालात यह हैं कि यह मैदान स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए खतरा बन गया है। कांग्रेस नेता ने सीईओ से तुरंत मैदान की सफाई करवाने की मांग की है।