रामगढ, झारखंड : रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड के अंतर्गत सोसो कलां में शुक्रवार 19.09.2025 को आग्रगति संस्था के द्वारा बचे हुए लोगों की आवाज़ कार्यक्रम का आयोजन बच्चों के अधिकार के लिए न्याय के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह और बच्चों के खिलाफ होने वाले शोषण के विरुद्ध जागरूकता फैलाना तथा बाल विवाह से प्रभावित लोगों की कहानियों को सार्वजनिक मंच देना था।
कार्यक्रम में बाल विवाह का सामना कर चुकी किशोरियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार सही हस्तक्षेप व सामाजिक सहयोग से उन्होंने अपनी पढ़ाई और स्वतंत्रता की दिशा में कदम बढ़ाया। उनकी कहानियों ने उपस्थित समुदाय को गहराई से प्रभावित किया।
सोसो कलां के मुखिया मोहम्मद लयीक आलम ने कहा, “हमारा पंचायत भी बाल विवाह मुक्त पंचायत बने — इसके लिए हम आग्रगति संस्था के कार्यों पर बल देकर उनके साथ कदम से कदम मिलाकर बाल विवाह को खत्म करेंगे।” इस प्रस्ताव ने स्थानीय लोगों में एक नया उत्साह और प्रतिबद्धता जगाई।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य को नष्ट कर देता है और इसे रोकने के लिए शिक्षा, सामुदायिक निगरानी और समय पर हस्तक्षेप अनिवार्य है।
इस अवसर पर सोसो कलां के मुखिया मोहम्मद लयीक आलम, मोहम्मद रियाज़ अंसारी (वार्ड सदस्य), आग्रगति के जिला समन्वयक मोहम्मद बेलाल अंसारी, मोहम्मद कासिफ इकबाल (सूचना प्रबंधन परिचालक), सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता अनीता देवी, हरीनाथ महतो सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने अपने-अपने स्तर पर बाल विवाह रोकने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया।