रामगढ़ : राहुल दुबे गिरोह के तीन सदस्य हथियारों के साथ गिरफ्तार, कई घटनाओं का हुआ खुलासा

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले में बीते दिनों मुरकुंडा क्षेत्र में हुए फायरिंग कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने छापेमारी कर कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी गुरुवार को एसपी कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर एसपी अजय कुमार ने दी है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में न केवल मुरकुंडा की दोनों फायरिंग घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि आने वाले दिनों में कुज्जू क्षेत्र में फिर से वारदात की योजना बनाने की बात भी कबूल की है। एसपी ने बताया कि 18 अगस्त 2025 को सयाल मुरकुंडा स्थित आरए  माइनिंग साइट और 29 अगस्त को सेंट्रल सौंदा मुरकुंडा स्थित पप्पू जैन के साइट पर फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में पतरातु (मुरकुंडा) थाना में कांड संख्या 209/25 और 220/25 दर्ज की गई थी। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया था।

कोठार होटल से अपराधियों की हुई गिरफ्तारी

24 सितंबर को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य रामगढ़ के कोठार स्थित एक होटल में जुटकर बड़ी घटना की साजिश कर रहे हैं। इस आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुषार मिश्रा उर्फ शौम्या मिश्रा  निवासी मरार, रांची रोड, रामगढ़, मंगलेश कुमार, निवासी बरवाअड्डा, धनबाद तथा मुकेश कुमार उर्फ मुक्कु, निवासी महुगाई कला, हजारीबाग के रूप में हुई । गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल (एक 7.65 एमएम, एक देशी), 7 जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए । पुलिस पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि मुरकुंडा फायरिंग कांड राहुल दुबे के निर्देश पर अंजाम दिया गया था। साथ ही कुज्जू (महुआटुंगरी) में फायरिंग की योजना भी बना रहे थे। तुषार मिश्रा के खिलाफ पहले से रांची और रामगढ़ में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

छापामारी दाल में शामिल पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मी

इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में कई थाना व ओपी प्रभारी शामिल थे। टीम में पतरातु थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी निर्भय कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमा शंकर वर्मा, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, रामगढ़ थाना से मंटु शर्मा व अन्य पुलिस अधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।