रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का रविवार को देर शाम उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी एवं रजरप्पा प्रोजेक्ट महाप्रबंधक कल्याणजी प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। अतिथियों का स्वागत बुके भेंट कर किया गया।
मौके पर अतिथियों ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया । विधायक श्री चौधरी ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, शांति और समृद्धि की प्रतीक हैं, उनकी कृपा से ही भक्तों का कल्याण और क्षेत्र का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं ।
पंडाल का उद्घाटन होते व प्रतिमा का पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। ढाक की थाप और भक्ति गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा ।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर चौधरी, मुखिया किरण कुमारी, सचिव गजेंद्र चौधरी, आर. पी. सिंह, रवींद्र प्रसाद वर्मा, अनिल प्रसाद, जगन रविदास, महेंद्र मिस्त्री, जगदीश महतो, प्रदीप पटवा, भानूप्रकाश चौधरी, बसंत महतो, संतोष पाल, राजेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।