भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, 93 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में ली अंतिम साँस

Spread the love

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली।

3 दिसंबर 1931 को जन्मे विजय कुमार मल्होत्रा का मूल घर लाहौर (अब पाकिस्तान) में था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहने के बाद उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और बाद में दो बार दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष (1977-80 और 1980-84) के रूप में संगठन को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।

उनका राजनीतिक करियर लंबा और प्रभावशाली रहा। 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पराजित कर सुर्खियां बटोरी थीं। वे करीब 45 वर्षों तक दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे और पांच बार सांसद तथा दो बार विधायक चुने गए।

राजनीति से इतर वे एक शिक्षाविद् भी थे और हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी जैसे खेलों के प्रशासन में भी योगदान दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। विजय कुमार मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी का वह चेहरा माना जाता है, जिन्होंने संगठन को जमीनी स्तर से मजबूती प्रदान की।

साभार : डीएएस दिल्ली