सीसीएल कुजू कंप्यूटर विभाग में छत का प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा टला

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल कुजू क्षेत्र अंतर्गत जीएम कार्यालय से सटे कंप्यूटर विभाग में गुरुवार की रात बड़ा हादसा टल गया। कार्यालय की छत का भारी प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे पूरी फॉल्स सीलिंग नीचे आ गई और कंप्यूटर वायरिंग टूट गई। वहीं, एक कंप्यूटर टेबल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

सौभाग्य से घटना के समय विभाग में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा ड्यूटी के दौरान यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। दुर्गा पूजा की छुट्टी समाप्त होने के बाद शुक्रवार सुबह जब कार्यालय खोला गया, तो कर्मी गीता देवी ने गिरी हुई फॉल्स सीलिंग देखकर इसकी जानकारी इंचार्ज सूरज कुमार को दी।

स्थानीय कर्मियों ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व भी यहां छत का प्लास्टर गिर चुका था। मरम्मती के दौरान घटिया सामग्री के उपयोग को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। कर्मचारियों ने प्रबंधन से विभाग की इमारत की गुणवत्ता सुधारने और स्थायी मरम्मती की मांग की है।