हजारीबाग (झारखंड) :हजारीबाग के लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में मंगलवार देर शाम जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जेल आईजी के आदेश पर एक जेलर, तीन उच्च कक्षपाल और दो कक्षपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं संविदा पर कार्यरत छह पूर्व सैनिक कक्षपालों की सेवा समाप्त कर दी गई है।
यह कार्रवाई जेल परिसर में फैली अव्यवस्था, बंदियों से मिलीभगत और उन्हें अनुचित सुविधाएं मुहैया कराने के आरोपों के बाद की गई। जेल अधीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित अधिकारियों और कर्मियों पर नियम विरुद्ध गतिविधियों में शामिल होने के साक्ष्य मिले हैं।
इस पूरे मामले का संबंध भूमि घोटाले के आरोपी एवं नेक्सजेन कंपनी के मालिक विनय कुमार सिंह से जोड़ा जा रहा है। आरोप है कि निलंबित कारा सिपाही अशोक शर्मा ने विनय सिंह को जेल में विशेष सुविधाएं दिलाने के लिए कारा प्रशासन पर दबाव बनाया था। चर्चा हो रही है कि हजारीबाग पुलिस ने अशोक शर्मा बिहार के जहानाबाद जिले के ओकरी स्थित पैतृक घर से हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ जारी है। ज्ञात हो कि अशोक शर्मा हज़ारीबाग जेल में पदस्थापना के दौरान दबंग सिपाही के रूप में जाना जाता था । वर्षों पूर्व इसका नाम अधिवक्ता प्रशांत सहाय हत्याकांड में भी जुड़ा था ।
सूत्रों के मुताबिक, अशोक शर्मा की अब भी हज़ारीबाग जेल में काफी चलती है । पुलिस और कारा प्रशासन दोनों मिलकर इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।