कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के बोंगावार में सरकारी गैरमजरुआ जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को प्रशासन ने समय रहते रोक दिया। बुधवार को मांडू अंचलाधिकारी तृप्ति विजय कुजूर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष और बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर कब्जे की कार्रवाई पर रोक लगाई।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा बिना किसी वैध दस्तावेज के सरकारी भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस संबंध में मिली सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी ने जांच टीम गठित की। जांच में भूमि सरकारी पाई गई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य बंद कराया गया।
मांडू अंचलाधिकारी तृप्ति विजय कुजूर ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोहराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।