रांची : कांग्रेस मुख्यालय में लंबोदर पाठक स्मृति सभागार का उद्घाटन, जिलाध्यक्षों की विशेष बैठक संपन्न

Spread the love

रांची (झारखंड) : झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय भवन में गुरुवार 09 अक्टूबर 2025 को हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने अपने पिता, पूर्व विधायक स्वर्गीय लंबोदर पाठक की स्मृति में निर्मित “लंबोदर पाठक स्मृति सभागार” का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद नव-निर्मित सभागार में प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की विशेष बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। बैठक में संगठन के सुदृढ़ीकरण और अनुशासन पर विशेष बल दिया गया।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति उनके संगठन के प्रति समर्पण और निष्ठा को देखते हुए की गई है। उन्होंने कहा, “कार्यकर्ता ही संगठन की जड़ हैं, और उनकी एकजुटता से ही जनता के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी नेताओं को अपने विचार उचित मंच पर ही रखने चाहिए।

संगठन सृजन अभियान जारी

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि संगठन सृजन अभियान झारखंड में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकांश प्रखंडों और पंचायतों में समितियों का गठन हो चुका है, जबकि शेष इकाइयों का गठन जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी बनाई जाएगी और नवमनोनीत जिला अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों के लिए आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।

कमलेश ने कहा, “संगठन परिवर्तन का प्रतीक है। बदलाव से निराश होने की आवश्यकता नहीं, बल्कि इसे अवसर के रूप में देखना चाहिए।”

जिला अध्यक्षों को दिए विशेष निर्देश

बैठक में प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने जानकारी दी कि जिला अध्यक्षों को कई दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं —

  • ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान को पंचायत स्तर तक पहुँचाना

  • म्युनिसिपल अध्यक्ष एवं समितियों का गठन

  • बीएलए की नियुक्ति

  • नवंबर माह में ग्राम पंचायत एवं म्युनिसिपल कांग्रेस कमेटियों की प्रखंड स्तरीय बैठक

  • कांग्रेस की भू-संपदा सूची तैयार करना

  • संगठन की प्रगति रिपोर्ट हर सप्ताह तैयार करना

समारोह में शामिल रहे कई वरिष्ठ नेता

इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी सीरी बेला प्रसाद, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू, बंधु तिर्की, राजेश जलेश्वर महतो, राजेश ठाकुर, बन्ना गुप्ता, अशोक चौधरी, जयशंकर पाठक, रविंद्र कुमार सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, सोनाल शांति, ममता देवी, भूषण बारा, सुखेर भगत, सोमनाथ मुंडा, स्टीफन मरांडी, याहिया सिद्दीकी समेत सभी जिला अध्यक्ष एवं जिला पर्यवेक्षक मौजूद थे।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अंत में कहा कि “राजधानी रांची में कांग्रेस के एक और मुख्यालय भवन का शिलान्यास जल्द होने की उम्मीद है।”