ओरला बस्ती और तोपा कॉलोनी लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी के गहने बरामद

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो बड़े चोरी और लूटकांड का उद्भेदन किया है। 2 अक्टूबर को ओरला बस्ती के अनिल कुमार व प्रेम कुमार के घर से करीब 12 लाख रुपये के कीमती गहनों और नकदी की चोरी हुई थी। साथ ही, तोपा परियोजना कॉलोनी में महिला कर्मी लक्ष्मी पांडेय को हथियार के बल पर बंधक बनाकर गहनों की लूट का भी मामला सामने आया था।

पुलिस ने इन दोनों मामलों में तोपा बस्ती के 35 वर्षीय अनिल रविदास (पिता ललीत राम) और 45 वर्षीय मो. रऊफ उर्फ टुपा (पिता मो. जमाल) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में अनिल रविदास ने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।

मांडू इंस्पेक्टर रजत कुमार और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। अभियुक्त अनिल रविदास की निशानदेही पर तोपा बस्ती पंचायत भवन के पास एक पुराने बंद कांटा के पास जमीन में गाड़े गए चोरी के गहने बरामद किए गए।

बरामद सामान में शामिल हैं :

बरामद गहनों में तीन जोड़ा पायल, चार जोड़ा बिछिया, एक कान का झुमका, एक नाक की नथ, एक जोड़ा कान का टॉप्स, एक जोड़ा झुमका, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, सरिया और स्क्रू ड्राइवर शामिल है । छापेमारी टीम में मांडू इंस्पेक्टर रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, पुअनि ओमकार पाल, पुअनि आशिष कुमार गौतम, पुअनि रौशन कुमार, और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।