रामगढ़, झारखंड : इनरव्हील क्लब रामगढ़ की ओर से संत फ्रांसिस स्कूल में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को इस गंभीर बीमारी से बचाव के उपायों के प्रति सचेत करना था।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या जैन ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक ऐसा रोग है जिसे रोका जा सकता है, और टीकाकरण (वैक्सीनेशन) इसका सबसे प्रभावी बचाव है। उन्होंने कहा कि 9 से 14 वर्ष की आयु में दिए जाने वाले दो टीके, जिनके बीच 6 माह का अंतराल रखा जाता है, आजीवन सुरक्षा प्रदान करते हैं।
इनरव्हील क्लब रामगढ़ ने समाजहित में यह सराहनीय कदम उठाया है कि यह महंगा टीकाकरण अब निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी अभिभावक को आर्थिक परेशानी के कारण अपनी बेटियों को इस सुरक्षा कवच से वंचित न रखना पड़े। क्लब ने यह भी घोषणा की कि दूसरी डोज 6 महीने बाद फिर से निःशुल्क लगाई जाएगी, जिससे छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से पूर्ण सुरक्षा मिल सके।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, नीरु साहनी, रंजू अरोरा, जसमीत कौर, पिंकी गांधी, अंबाली जैन, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।