सेना में भर्तियों से संबंधित कर्नल ने बच्चों के साथ की कैरियर काउंसलिंग

Spread the love

नीट पास विद्यार्थी भी सेना में बन सकते हैं डॉक्टर  :  कर्नल विकास भल्ला 

दीप जला कर कैरियर काउंसेलिंग का शुभारंभ करते कर्नल विकास भल्ला

रामगढ़, झारखंड : सीएम एसओई गांधी मेमोरियल प्लस टू उच्च विद्यालय, रामगढ़ के सभागार में शनिवार 01 नवंबर 2025 को सेना मुख्यालय रांची के तत्वावधान में सेना भर्ती से संबंधित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल विकास भल्ला, मेजर अभय मित्तल, सूबेदार ए.पी. सिंह एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सेना भर्ती कार्यालय, रांची की ओर से कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को थल सेना, वायु सेना और जल सेना में भर्ती की प्रक्रिया के साथ-साथ सीडीएस, एनडीए और अग्निवीर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कर्नल विकास भल्ला ने अपने संबोधन में बताया कि नीट पास विद्यार्थी भी सेना में डॉक्टर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा करना जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य है और इसके लिए अनुशासन सबसे आवश्यक गुण है। यह अवसर हमारे जीवन का स्वर्णिम काल होता है जब हम अपने देश की सेवा कर सकते हैं।

वहीं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट “A”, “B” और “C” प्रमाणपत्र प्राप्त कर एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं में सीधी भर्ती के माध्यम से विद्यार्थी अपने कैरियर का निर्माण कर सकते हैं।