चतरा : पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, राहुल सिंह गिरोह का सदस्य जुबेर अंसारी घायल – सर्च ऑपरेशन जारी

Spread the love

चतरा, झारखंड : चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कोयला व्यापारी पर हमले की योजना बनाई जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।

वाहन जांच के दौरान अचानक फायरिंग

सीमावर्ती क्षेत्रों में शुक्रवार की देर शाम से वाहन जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान जब पुलिस टीम कारो मैदान के पास पहुंची, तभी पहले से छिपे अपराधियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं और इलाके में अफरातफरी मच गई।

जुबेर अंसारी घायल, पिस्टल जब्त

मुठभेड़ में गिरोह का सक्रिय सदस्य जुबेर अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया है, जहां इलाज जारी है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल बरामद की है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता आ रहा था।

जंगलों में दबिश, अपराधी फरार

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली लगने के बाद जुबेर पकड़ा गया, लेकिन गिरोह के अन्य सदस्य घने अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

जंगलों, सीमावर्ती इलाकों और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों की छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद पिपरवार और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। लगातार गश्त की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।