रामगढ़: पतरातू-बासल थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, बाइक अनियंत्रित होने से एक युवक की मौत, दो गंभीर

Spread the love

पतरातू/रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र स्थित लबगा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक के फिसलने से तीन युवक सड़क पर गिर पड़े, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक पतरातू थाना क्षेत्र के बटुका गांव से लौट रहे थे। रात में लबगा के समीप अचानक बाइक असंतुलित हो गई और तेज रफ्तार होने के कारण तीनों दूर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतरातू पहुंचाया।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने जांच के बाद ओरमांझी निवासी सुभाष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुणाल सिंह (निवासी: बटुका) और सुजीत खरवार (निवासी: जराद) की हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें सदर अस्पताल, रामगढ़ रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।