देवघर : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दो दिवसीय प्रवास, कार्यकर्ताओं में भरा जोश, संगठन सुदृढ़ करने का संदेश

Spread the love

देवघर, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को देवघर पहुंचे। शनिवार सुबह उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर पूरे देश की खुशहाली और उन्नति की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने कहा कि देवघर की आध्यात्मिक ऊर्जा से उन्हें नई प्रेरणा मिली है, जिसे वे राष्ट्र निर्माण के कार्यों में समर्पित करेंगे।

शुक्रवार शाम देवघर सर्किट हाउस में जेपी नड्डा ने भाजपा कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय संघर्ष, गांवों में प्रवास बढ़ाने और अन्य दलों से प्रतिभाशाली कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को और विस्तार देने की सलाह दी।

देवघर में नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का शुभारंभ

अपने कार्यक्रम के तहत नड्डा देवघर के ठादाढ़ी दुलमपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पांच मंजिला नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया। फीता काटने के साथ नारियल फोड़कर कार्यालय को कार्यकर्ताओं को समर्पित किया गया। इसके बाद उन्होंने भवन का निरीक्षण किया और संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में पदाधिकारियों से सीधा फीडबैक लिया। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से गुमला जिला भाजपा कार्यालय का भी उद्घाटन किया। संथाल परगना में संगठन विस्तार के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

12 बूथों के कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन को मजबूती का संदेश

कार्यालय उद्घाटन के बाद नड्डा सीधे कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल पहुंचे, जहां 12 बूथों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित था। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और फिर राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव, बूथ-बूथ तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। नड्डा ने राज्य के सभी कैडर को सक्रिय भूमिका निभाने और आने वाले कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मिशन संगठन को नई गति, संथाल और बंगाल पर भी निगाह

विधानसभा चुनावों के बाद नड्डा का यह पहला झारखंड दौरा राजनीतिक रूप से अत्यंत अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि देवघर से पूरे राज्य के 24 जिलों तक संगठन को नई ऊर्जा और स्पष्ट संदेश पहुंचा है। संथाल परगना में पकड़ मजबूत करने के साथ ही पार्टी की नजर यहां से पश्चिम बंगाल में भी संगठनात्मक प्रभाव बढ़ाने पर है।

नए कार्यालय के उद्घाटन और बूथ-स्तरीय सम्मेलन से भाजपा ने संकेत दिया है कि आने वाले चरणों में वह संगठन विस्तार व रणनीति को लेकर अधिक आक्रामक और सक्रिय अंदाज़ में काम करने जा रही है।