रामगढ़, झारखंड : बुधवार को झारखंड राज्य खाद्य आयोग की माननीय प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या श्रीमती शबनम प्रवीण ने रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसदन भवन, रामगढ़ में अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, सभी मार्केटिंग पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान माननीय प्रभारी अध्यक्ष ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, प्रखंड स्तर पर प्राप्त आकस्मिक खाद्यान्न कोष की समीक्षा करते हुए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। इस क्रम में उन्होंने जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
माननीय प्रभारी अध्यक्ष ने झारखंड राज्य खाद्य आयोग को रामगढ़ जिले से संबंधित प्राप्त शिकायतों के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर बल देते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान माननीय प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या के द्वारा जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।