सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद शव के साथ एनएच-23 जाम, तीन किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार

Spread the love

मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर किया प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन के समझाने पर हटा जाम

दुर्घटना में मारा गया युवक मनीष रविदास (फाइल फोटो)

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़-बोकारो मार्ग के एनएच-23 स्थित चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर सोमवार को सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर किए गए जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की लंबाई तीन किलोमीटर से अधिक बताई गई।

जामकर्ताओ से वार्ता करते पुलिस अधिकारी

जानकारी के अनुसार, चितरपुर प्रखंड के मायल गांव निवासी तापेश्वर रविदास का 23 वर्षीय पुत्र मनीष रविदास एक नवंबर को अपनी बाइक से गोमिया के नेरकी गांव स्थित अपनी बहन के घर गया था। वहां परिवार में एक व्यक्ति की मृत्यु होने के कारण वह अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचा था।

सोमवार, 2 नवंबर को दोपहर में घर लौटने के दौरान गोला थाना क्षेत्र के धमनाटांड़ के समीप उसकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शव को लेकर चितरपुर रजरप्पा मोड़ पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-23 पर रखकर सड़क जाम कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, चितरपुर सीआई पवन कुमार यादव, रजरप्पा थाना के एसआई रंजीत महतो, मोहम्मद इकबाल, संजय रजक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया