नई दिल्ली : भारतीय सेना ने इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई नीति के अनुसार सेना के जवान अब इंस्टाग्राम का उपयोग केवल देखने और निगरानी के उद्देश्य से कर सकेंगे। इंस्टाग्राम पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी, विचार या पोस्ट साझा करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। रक्षा अधिकारियों ने साफ कहा है कि इंस्टाग्राम पर कोई यूजर-जनरेटेड कंटेंट (पोस्ट/रिल/स्टोरी/कमेंट) साझा नहीं किया जा सकता।
मैसेजिंग ऐप्स पर सीमित अनुमति
स्काइप, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर सामान्य और अवर्गीकृत जानकारी का आदान-प्रदान करने की अनुमति दी गई है। हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि बातचीत केवल परिचित व्यक्तियों के साथ ही की जानी चाहिए और प्राप्तकर्ता की पहचान की जिम्मेदारी उपयोगकर्ता की होगी।
यूट्यूब, X, क्वोरा और इंस्टाग्राम पर केवल निष्क्रिय भागीदारी
नई गाइडलाइन के अनुसार भारतीय सेना के कर्मी यूट्यूब, X (पूर्व ट्विटर), क्वोरा और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग केवल ज्ञान और जानकारी प्राप्त करने के लिए कर सकेंगे। इन प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की पोस्ट, टिप्पणी, वीडियो अपलोड या कंटेंट साझा करने पर रोक रहेगी।
लिंक्डइन के लिए विशेष अनुमति
लिंक्डइन के संबंध में सेना ने स्पष्ट किया है कि इसे केवल रिज्यूमे अपलोड करने और संभावित नियोक्ताओं/कर्मचारियों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से उपयोग किया जा सकता है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार यह नीति राष्ट्रीय सुरक्षा, संवेदनशील सूचनाओं की सुरक्षा और साइबर सुरक्षा खतरों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। नई गाइडलाइन का सख्ती से पालन अनिवार्य किया गया है।