झारखंड : चांडिल के हारुडीह गांव में युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

सरायकेला-खरसावां, झारखंड : जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुडीह (चिलगू) गांव में बुधवार 24 दिसंबर 2025 की देर शाम शाम एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय “मुर्गा पाड़ा” (साप्ताहिक आयोजन) से लौट रहे युवक विजय तिर्की (उर्फ बिजय तिर्की) की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वहीं उसके साथ मौजूद एक साथी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।

मृतक विजय तिर्की जमशेदपुर के मानगो बारिश कॉलोनी रोड नंबर-4 का निवासी बताया जाता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार विजय का अपराध से पुराना नाता रहा है और वह कई मामलों में जेल भी जा चुका था। हालांकि हाल के वर्षों में उसने अपराध की दुनिया से दूरी बनाकर जमीन के कारोबार में सक्रियता बढ़ाई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और जैसे ही विजय वहां पहुंचा, उस पर एक के बाद एक गोलियां दाग दीं। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर फरार हो गए।

पत्नी का गंभीर आरोप :

मृतक की पत्नी सिवानी तिर्की ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि विजय को पहले से जान का खतरा था और यदि उसकी हत्या होती है तो इसमें चौड़ा राजू, रड़गांव का लंगड़ा, मोनू और तमोलिया निवासी संतोष का हाथ होगा। सिवानी के अनुसार जमीन कारोबार में पैसे की हिस्सेदारी को लेकर पुराने विवाद के चलते यह हत्या हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल पर भी जांच कर रही है।