चतरा : कुंदा थाना क्षेत्र में नक्सली गुटों के बीच मुठभेड़, दो की मौत, एनआईए आरोपी समेत कई घायल

Spread the love

चतरा, झारखंड : जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के गेंदरा गांव में रविवार देर रात नक्सली गुटों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एनआईए के अभियुक्त सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, आधी रात विवाद को लेकर हुए टकराव के दौरान गोलियां चलीं, जिसमें देवेंद्र गंझु और चूरामन गंझु की मौत हो गई। वहीं, श्याम भोक्ता और उसके साले गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मारे गए देवेंद्र गंझु का टीएसपीसी संगठन से पुराना संबंध रहा था और उसके खिलाफ लगभग 36 आपराधिक मामले दर्ज थे। घायल श्याम भोक्ता पर भी कई संगीन आरोप हैं और उसे एनआईए का अभियुक्त बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आपसी वर्चस्व की लड़ाई को घटना की वजह माना जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है।