बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी उपस्थित सदस्यों को रमजान एवं आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में अफवाह फैलने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने से संबंधित कोई मामला सामने आता है, तो उसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06553-222005 पर दी जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की पोस्ट या संदेश को साझा न करें। उन्होंने कहा कि रामगढ़ (झारखंड) जिला प्रशासन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में होली पर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संयुक्त जिला आदेश के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को अपने-अपने क्षेत्रों में हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति के सदस्यों से भी अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें। इसके अतिरिक्त पर्व के दौरान वाहन जांच अभियान एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी भी बैठक में दी गई।
गौरतलब है कि होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रामगढ़ (Jharkhand) जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 61 स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड के लिए तीन पालियों में गश्ती दंडाधिकारी तथा जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।