सीपीआई(एम) का प्रतिरोध मार्च, अमेरिका–इजराइल की कार्रवाई के खिलाफ जताया विरोध

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर सीपीआई (एम) रामगढ़ जिला कमिटी ने सोमवार को रामगढ़, झारखंड में प्रतिरोध मार्च निकालकर अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

मार्च की अगुवाई सीपीआई (एम) रामगढ़ जिला कमिटी के सदस्य कॉमरेड राजू विश्वकर्मा ने की। प्रतिरोध मार्च थाना चौक स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए गांधी प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “ईरान की संप्रभुता पर हमला बंद करो”, “युद्ध नहीं शांति चाहिए” और “नरेन्द्र मोदी चुप्पी तोड़ो” जैसे नारे लगाए।

सभा को संबोधित करते हुए कॉमरेड राजू विश्वकर्मा ने कहा कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किया गया हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों और मानवाधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले में ईरान के कई सैन्य अधिकारी मारे गए और इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) के खिलाफ बताया।

सीपीआई (एम) के जिला कमिटी सदस्य कॉमरेड देवनाथ महली ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय बताया। वहीं जिला सचिव कॉमरेड चंदेल ने अंतरराष्ट्रीय घटनाओं पर भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह देश की पारंपरिक गुटनिरपेक्ष विदेश नीति के विपरीत है।

कॉमरेड लोविंद महतो ने कहा कि युद्ध हमेशा मानवता के लिए त्रासदी साबित होता है, जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान आम नागरिकों को होता है। उन्होंने दुनिया में शांति बहाल करने की अपील की और कहा कि युद्ध से केवल विनाश ही होता है।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार से यह भी मांग की कि खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल व्यवस्था की जाए।

इस प्रतिरोध मार्च में कॉमरेड चेतलाल महतो, लोविंद महतो, लाल मोहन मुंडा, देवनाथ महली के अलावा अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति रामगढ़ की नेत्री कॉमरेड नेहा आजाद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।