रामगढ़, झारखंड: जल महोत्सव के अंतर्गत विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने की।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में प्लंबरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के संरक्षण और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्लंबरों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और सामूहिक प्रयासों से जल संसाधनों की रक्षा करने की अपील की।
उपायुक्त ने सभी प्लंबरों को आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जलापूर्ति योजनाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र से जलापूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने जल महोत्सव के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आम जनता तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने में प्लंबरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई प्लंबरों को उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रेमानंद कुमार, ललन कुमार, रामदेव कुमार, मंशु महतो, ज्ञानी प्रसाद, अजय कुमार, गंगाधर सिंह, दुलेश्वर प्रसाद, संजय सिंह, ब्रजकिशोर, मनोज कुमार, नारायण महतो, अशोक कुमार प्रजापति, पप्पू कुमार, सूरज महतो, बसंत कुमार रजवार, कमलेश महतो, दिनेश महतो, शिव शंकर सिंह, अरविंद पटेल, दिलीप रजवार, सुमित प्रजापति, राजू कुमार महतो, सौरभ कुमार, द्वारिका गोप, कार्तिक मांझी, रघुनाथ महतो, करण कुमार, चंदन नायक, सोहन बेदिया, उमेश मुर्मू, लीलू मुंडा और राहुल कुमार महतो शामिल हैं।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुरेंद्र कुमार दिनकर, यूनिसेफ सहयोगी संस्था के निर्भय कुमार मोदी, कनीय अभियंताओं, जल सहियाओं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्लंबरों सहित कई लोग उपस्थित थे।